सोनभद्र। सेनानी लोकतंत्र रक्षक विकास परिषद के प्रदेश मंत्री योगेश शुक्ला ने केंद्र सरकार से लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को केंद्रीय सम्मान दिये जाने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत अन्य मंत्रियों को पत्र भेजकर केंद्रीय सम्मान के साथ अन्य सुविधाएं भी देने की मांग उठाई है। गुरुवार को उन्होंने जारी विज्ञप्ति ने कहा है कि वर्ष 1975 में भारत सरकार ने संपूर्ण भारत में आपातकाल कायम करके लोकतंत्र की हत्या करने का कुत्सिक प्रयास किया था। संपूर्ण भारत के लोगों ने इसके खिलाफ आंदोलन किया था। लाखों लोगों को जेलों में ठूंस कर कठोर यातनाएं दी गईं। यदि उस आपात काल का विद्रोह न किया गया होता तो देश, प्रदेश में एकाधिकृत अधिनायक वादी परिवार वाद का तांडव मचा रहता। लोकतंत्र पूर्ण रूप से मर गया होता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान सबसे पहले मुलायम सिंह यादव सरकार ने किया था। कहा, उनकी मांग है कि देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन हुआ था इसलिए केंद्र सरकार सेनानियों को केंद्रीय सम्मान प्रदान करे।