सोनभद्र। सातवें चरण में हाेने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। पहले दिन रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के लिए 13 दावेदारों ने 23 सेट में नामांकन पत्र लिया। वहीं दुद्धी विधानसभा के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी समेत चार दावेदारों ने 14 सेट में नामांकन पत्र प्राप्त किया। दोनों सीटों के लिए किसी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई। कलेक्ट्रेट को जाने वाले मार्ग पर पहले ही फोर्स तैनात कर दी गई थी। कर्मचारियों के अलावा अन्य किसी को भी डॉ. भीमराव आंबेडकर गेट से आगे नहीं जाने दिया गया। नामांकन पत्र लेने वालों को भी पहचान संबंधित दस्तावेज दिखाने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह की मौजूदगी में रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के लिए कुल 13 दावेदाराें ने 23 सेट में पर्चा लिया। इसमें जनवादी पार्टी से बचाऊ वनवासी, राष्ट्रीय समाज दल से प्रभु दयाल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से भरत लाल, भागीदारी पार्टी से गुलाबी, जनरक्षक पार्टी से सुकालू, इंडियन नेशनल समाज पार्टी से सूरज प्रकाश और निर्दल रामरूप ने एक-एक सेट पर्चा लिया।
वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से अशोक कुमार कन्नौजिया ने 4 सेट, राष्ट्रीय समानता दल से अरविंद कुमार भारती 2 सेट, निर्दल से नंदलाल 2 सेट, समाजवादी पार्टी से जितेंद्र कुमार ने 4 सेट, राष्ट्रीय समाज से शिवपूजन 2 सेट में नामांकन पत्र प्राप्त किया।
वहीं विधानसभा उप निर्वाचन दुद्धी के लिए भारतीय जनता पार्टी से श्रवण कुमार गोंड ने 4, भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी से 4 सेट, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से 4 और निर्दलीय के रूप में दो सेट में नामांकन पत्र प्राप्त किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन कक्ष में तैनात कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि नामांकन पत्र लेने के लिए लोगों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए इसका विशेष ध्यान दिया जाए। एडीएम सहदेव कुमार मिश्र व एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी फोर्स के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में भ्रमण करते रहे।
पर्चा लेने के साथ गरमाई सियासत
सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के लिए रॉबर्ट्सगंज सीट पर सपा ने कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। शीर्ष स्तर पर नामाें पर मंथन जारी रहा। इस बीच सपा उम्मीदवार की हैसियत से जितेंद्र कुमार के चार सेट में पर्चा खरीदने से सियासी माहौल गर्म हो गया है। जितेंद्र कुमार रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र में शामिल चंदौली जिले की चकिया सीट से विधायक रह चुके हैं। सपा से वह टिकट के लिए दावेदारी भी कर रहे हैं। हालांकि उनके नाम पर नेतृत्व ने अभी मुहर नहीं लगाई है। इस सीट के लिए अन्य दावेदारों के नाम पर चर्चा थी। अब नामांकन पत्र लेकर उन्होंने नई चर्चा को हवा दी है।