बीजपुर। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा सोमवार को जारी बयान में गरीब परिवारों को सालाना 72000 रुपये देने के ऐलान को ऊर्जांचल के लोग महज चुनावी लोक लुभावन वायदा बता रहे हैं। अनपरा निवासी आशीष मिश्रा कहते हैं कि राहुल गांधी का बयान चुनावी घोषणा तक ही सीमित रह जाएगा। जनता को ऐसे दिग्भ्रमित राजनीतिक बयानों से प्रभावित नहीं होना चाहिए। बीजपुर निवासी संदीप गुप्ता कहते हैं कि राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए यह सब हथकंडे अपना रहे हैं। वोट के लिए कुछ भी कहने को तैयार हैं। गोपाल प्रसाद ने कहा कि आखिर जीतने के बाद कांग्रेस पार्टी इतना पैसा कहां से लाएगी जो गरीब परिवारों को 72000 सालाना देगी। धीरेंद्र यादव ने इसे राजनीतिक घोषणा बताते हुए कहा कि ये तो वादे है वादों का क्या। चुनाव के वक्त नेता लोक लुभावने वादे ही करके चुनाव जीतते हैं। नारायण गुप्ता ने कहा कि देश की जनता अब समझदार हो चुकी है। किसी के बहकावे में आकर अपना मताधिकार का प्रयोग नहीं करने वाली है। जो जनता के लिए कुछ करना ही चाहते हैं, तो रोजगार की दिशा में ठोस पहल करें। संजय गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी गरीब परिवारों को सब्ज बाग दिखा वोट पाना चाहते हैं। अगर इस तरह 72000 सालाना मिलने लगेगा तो कोई काम ही नहीं करेगा। देश में यह कोई अच्छी स्थिति नहीं होगी।