रामगढ़। मांची थाना क्षेत्र के चुमुरूका, डुमुरूका, चौरा सहित अन्य जंगलों में सोमवार की शाम तक सीआरपीएफ के जवानों और मांची पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन कांबिंग की। इस दौरान जवानों ने ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए संदिग्धों के बारे में पूछताछ की। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर मांची थाने की पुलिस के साथ 148वीं सीआरपीएफ के जवानों ने महुली पुलिस चौकी क्षेत्र के बिहार बार्डर से सटे गांवों में कांबिंग की। जवानों ने आम नागरिकों से चुनाव में सहयोग करने की अपील की। कहा कि किसी के बहकावे में आकर किसी के पक्ष में मतदान न करें। कहा कि सभी मतदाता निडर होकर अपने मनपसंद प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। अगर कोई किसी के पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव देता है तो उसके बारे में तत्काल सूचना दें, ताकि उनकेे खिलाफ कार्रवाई की जा सकें। कांबिंग में मांची प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।