ओबरा। स्थानीय तापीय परियोजना की ताप विद्युत गृह की 200 मेगावाट की 12वीं इकाई को करीब दो वर्षों में जीर्णोद्धार का काम पूरा कर सोमवार की सुबह करीब 08:38 बजे सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज कर लेने से पूरे परियोजना में खुशी की लहर दौड़ गई। इस इकाई से करीब 80 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था। बीते छह अक्टूबर 2016 में इकाई को जीर्णोंद्धार करने के लिए भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड को दिया गया था। इकाई के जीर्णोद्धार में करीब 525 करोड़ की लागत आना बताया जा रहा है। इस इकाई के चालू होने पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्य महाप्रबंधक इं. एके सिंह ने बताया कि इकाई को बीते 21 सितंबर को टेस्टिंग लाइटअप भी किया गया था। उन्होंने कहा कि धीरे धीरे इस इकाई से बिजली उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। मुख्य महाप्रबंधक इं. एके सिंह सिंह ने बीएचईएल कंपनी सहित उत्पादन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। ताप विद्युत गृह की 200 मेगावाट की नौंवी इकाई से 136 मेवा, दसवीं से 131 मेवा तथा ग्यारहवीं से 136 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था।