विंढमगंज। क्षेत्र के करीब दर्जन भर गांव में पिछले तीन-चार माह से बिजली की अंधाधुंध कटौती हो रही है। दिन-रात हो रही कटौती से क्षुब्ध कई गांवों के उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को महुुली के खेल मैदान पर बैठक की। चेतावनी दी कि यदि दो दिन में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो महुली बाजार में रीवां-राची मार्ग जाम कर दिया जाएगा। गैर राज्यों से आने वाले वाहनों को आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। बैठक में पोलवा के बिहारी लाल सोनी ने कहा कि क्षेत्र में पिछले तीन-चार माह से बिजली की कटौती अनियमित हो गई है। महुली के रमेश यादव ने कहा कि यूपी सरकार का गांवों में 18 घंटा बिजली देने का वादा हवा-हवाई साबित हो रहा है। मुश्किल से लगातार आठ घंटा भी बिजली नहीं मिल रही। पतरिहा के सरवन गुप्ता ने कहा कि महुली क्षेत्र में बिजली न के बराबर मिल रही। इससे उपभोक्ताओं के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सोनांचल बेरोजगार संघ के जिला सचिव बालकेश्वर सिंह यादव ने कहा कि बिजली विभाग महुली क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। दुद्धी में 20 से 22 घंटे बिजली दी जा रही और विंढमगंज में 18 घंटे भी नियमित रूप से बिजली नहीं मिल रही। प्रचंड गर्मी में भी बिजली सुबह 11 बजे काट दी जा रही और फिर दोपहर बाद तीन बजे आपूर्ति बहाल की जा रही। उपभोक्ताओं ने निर्णय लिया कि यदि दो दिनों के अंदर विभाग महुली क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नियमित नहीं करता तो दर्जनों गांवों के विद्युत उपभोक्ता महुली में रीवॉ-रॉची नेशनल हाईवे अनिश्चित काल के लिए जाम कर देंगे। बैठक में दिनेश यादव, मुकेश कुमार, दिलीप कुमार, कलामुद्दीन, प्रेमचंद, कंचन मुंशी, प्रमोद कुमार मौजूद रहे।