घोरावल। सिद्धार्थनगर जिले में कपिलवस्तु महोत्सव में सोनभद्र से दीनबंधु त्रिपाठी भाग लेंगे। सेमिनार में प्रदेश के सभी जिलों के कुल 162 शिक्षक हिस्सा लेंगे। प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय मिशन शिक्षण संवाद शिक्षा गुणवत्ता सेमिनार का आयोजन 29 और 30 दिसंबर को किया जाएगा। इसमें शिक्षक शैक्षिक नवाचारों, उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों और नई संभावनाओं को साझा कर उन पर विचार विमर्श करेंगे, जिससे सरकारी विद्यालयों के खस्ताहाल शैक्षिक स्तर को उठाया जा सके। सर्वाधिक पिछड़े इलाकों में शुमार आदिवासी बहुल जिला के घोरावल ब्लॉक के विसुंधरी में तैनात शिक्षक दीनबंधु त्रिपाठी गणित जैसे जटिल विषय में प्रशंसनीय नवाचारी प्रयोग किए हैं। उन्होंने अपने नियुक्ति स्थल पूर्व माध्यमिक विद्यालय विसुंधरी में गणित विषय पर नवाचार करते हुए गणित की प्रयोगशाला बनाई, जिसको देखकर डीएम ने उनकी प्रशंसा की थी। बीईओ सुनील कुमार, संजय मिश्रा, अशोक त्रिपाठी, नंदकुमार शुक्ला, विनोद कुमार, अविनाश शुक्ला ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।