रेणुकूट। हिण्डाल्को स्टाफ क्लब, रेणुकूट की तरफ से क्लब प्रांगण में सोमवार की रात हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिण्डाल्को के मुखिया एसएन जाजू और ईआर हेड अजीत तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर काव्य संध्या का शुभारंभ किया। विभा सिंह ने मां सरस्वती की वंदना से कवि सम्मेलन को गति दी। अध्यक्षता कर रहे हरिराम द्विवेदी ने अपनी रचनाओं से महफिल को ऊंचाई दी। इमरान बनारसी ने अपनी रचना ‘‘चांद सा अपना चेहरा दिखा दीजिए, आज होली है वादा निभा दीजिए..’ सुना कर माहौल होलियाना बना दिया। लल्लू तिवारी ने ‘‘आ गए सामने बीते दिन साथ में, एक भूली अधूरी कहानी लिए.. ने खूब तालियां बटोरी। सलीम शिवालवी ने वीर रस से भरी रचना प्रस्तुत दी। संचालन कर रहे कमलेश राजहंस ने ओजरस की कविता, शेरो-शायरी के साथ हास्य भरी रचनाएं सुनाई। डॉ. धर्मप्रकाश मिश्रा ने ‘‘हर वक्त जहर पीने का अहसास दे दिया, होठों पे रखी बांसूरी को व्यास दे दिया, देखो सजा के अयोध्या दिया मगर दुनिया ने मेरे राम को वनवास दे दिया.. सुना कर राजनीति पर करारा व्यंग्य कसा। स्टाफ क्लब के अध्यक्ष अजीत अस्थाना ने सभी का स्वागत और अजीत तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।