बभनी (सोनभद्र)। ब्लॉक के रन्दह पोखरा सहित अन्य गांव में विभाग के ठेकेदार विद्युतीकरण में मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। रन्दह गाव के भूतहवा टोला में विद्युतीकरण के नाम पर लोगों के घरों में मीटर बोर्ड लगा दिया गया। कनेक्शन की खानापूर्ति कर दी गई लेकिन अब तक आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इससे क्षुब्ध लोगों ने बुधवार को गांव में प्रदर्शन किया। रन्दह गांव के सागसोती, झनकपुर यादव टोला में विद्युतीकरण अधूरा है। अधिकांश जगह तार, खंभा खड़ा कर ठेकेदार गायब है। सरकार की महत्वपूर्ण सौभाग्य योजना का लाभ ठेकेदारों की लापरवाही से आम लोगों को नहीं मिल सका है। ग्रामीण राजो देवी, बसंती, मगरी, मनबसिया, मान सिंह, बसंती, सुखई, मानरूप, सुखराम, सुनीता, सुखलाल, रामदुलारे, रामखेलावन, सोमारु ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संघ के जिला सचिव संजय गुप्ता ने भी सौभाग्य योजना मे लापरवाही का आरोप लगाया है। रन्दह के पश्चिम टोला, गोड़ान टोला, नवाटोला में विद्युतीकरण अधूरा है। इसके साथ ही पोखरा के उत्तर टोला में भी विद्युतीकरण अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।