सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अध्यक्ष सुधाकर मिश्र एडवोकेट की अगुवाई जिलाधिकारी से मिला और चार सूत्री ज्ञापन सौंप सार्थक पहल की मांग की। कहा कि जनपद न्यायालय परिसर में ही स्थायी जनपद न्यायालय भवन का निर्माण किया जाए। क्योंकि जनपद सृजन के तीस वर्ष बाद भी अभी तक स्थानीय न्यायालय भवन निर्मित नहीं हो सका है। कई जगह जमीनें चिन्हित हुई लेकिन वन भूमि होने के कारण प्रस्ताव मूर्तरूप नहीं ले पाया। कहा कि मौजूदा न्यायालय परिसर में ही पर्याप्त जमीन है और काफी कुछ निर्माण हो चुका है। इसलिए यहां बहुमंजिला भवन का निर्माण कर आसानी से स्थाई निर्माण का मानक पूरा किया जा सकता है। जनपद न्यायालय परिसर में तीन माह पूर्व तक संचालिक डाकघर को फिर से संचालित कराए जाने की मांग की। मिर्जापुर जेल से महिला बंदियों को भी गुरमा स्थित जिला कारागार में स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में जगजीवन सिंह, राजेश पाठक, नारायण पांडेय, सोनभद्र बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हरिओम सेठ शामिल रहे। उधर, सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक और सचिव लालता प्रसाद पांडेय ने डीएम एवं अन्य को पत्र भेजकर डाक विभाग की व्यवस्था का संचालन कराए जाने की मांग की है।