सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित श्री राणी सती दादी के मंदिर परिसर में दो दिवसीय आयोजन के तहत रात्रि जागरण के साथ ही दादी जी की ज्योति जलाई गयी। इस दौरान छप्पन भोग एवं भजन, कीर्तन का कार्यक्रम किया गया। इसमें दादी के भक्तों ने बढ़ चढ़ कर भाग लेते हुए भक्ति भाव से पूजन-अर्चन किया। साथ ही दादी जी की महिमा का बखान किया। ओमप्रकाश जालान ने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है जो दादी के पूजन अर्चन से न हो। पुरुषोत्तम जालान ने कहा कि दादी की महिमा अपरंपार है। दादी अपने भक्तों के संकट में हमेशा उनके साथ रहती हैं और संकट को दूर करती हैं। श्री राणी सती दादी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विमल जालान ने कहा कि कभी कभी दादी अपने भक्तों की परीक्षा भी लेती हैं और उनके सामने छोटे मोटे संकट उत्पन्न करती हैं लेकिन यदि भक्त सच्चे मन से उन्हें पुकारता है तो उस संकट को दूर भी करती हैं। इस अवसर पर दादी भक्तों द्वारा विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न, नमकीन, मेवा, मिश्री आदि का भोग लगाया गया। यहां रवींद्र केशरी, अशोक जालान, दिनेश जालान, रमेश गोयल, राकेश जालान, नितेश जालान, नीरज जालान, गौरव अग्रवाल, ओमप्रकाश शर्मा, संजय अग्रवाल मौजूद रहे।