सोनभद्र। शौचालय निर्माण की मांग को लेकर सदर ब्लॉक के कसयां कला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। खुले में शौच जाने पर हो रही जलालत के बारे में जानकारी दी। जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष अतुल पटेल ने कहा कि कसयां कला में गरीब लोग हैं जो शौचालयों का निर्माण कराने में असमर्थ हैं। कई बार अधिकारियों से निर्माण के लिए कहा गया लेकिन सिर्फ टाल मटोल किया जा रहा है। जिन काश्तकारों के खेत में लोग खुले में शौच के लिए जा रहे हैं, उनकी भी जलालत झेलनी पड़ रही है। सेक्रेटरी और प्रधान से भी शौचालयों के पात्रों की सूची मुख्यालय तक भेजने की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर पात्रों का चयन कर शौचालयों का निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन में सुरेंद्र पटेल, रामजग, धीरेंद्र राय, राजकुमार पटेल, यशवंत भारती, रामधनी, रामाश्रय विश्ववकर्मा, राधेश्याम सिंह, बबलू यादव, कौशिल्या, संजू, बसंती देवी मौजूद रहीं।