सोनभद्र। जिले से सटे झारखंड के गुमला जिले के कामडारा गांव के समीप शनिवार को कांबिंग के दौरान सीआरपीएफ और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। फोर्स ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। जबकि कई नक्सली भागने में सफल हो गए। मारे गए नक्सलियों के पास से दो एके 47 समेत अन्य असलहा मिला है। अब पुलिस से बचने के लिए नक्सली जिले के सीमावर्ती इलाकों में पनाह लेने की फिराक में हैं। इस की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने झारखंड बार्डर को सीआरपीएफ के हवाले कर दिया है। रविवार को जंगलों मेें पुलिस ने सघन कांबिंग कर संदिग्धों को ढूंढती रही। खुफिया सूत्रों की मानें तो इन दिनों झारखंड प्रांत में नक्सलियों के सफाए के लिए स्थानीय पुलिस की सहयोग से सीआरपीएफ के जवान अभियान चला रहे हैं। शनिवार को कामडारा गांव के समीप कांबिंग के दौरान रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। जवानों ने नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कह रहे थे, उसी वक्त नक्सलियों ने फोर्स पर कांबिंग करते हुए छिप गए। दोनों तरफ से घंटे भर चली फायरिंग में खुद का बचाव करते हुए जवानों ने लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया के तीन कट्टर नक्सलियों को ढेर कर दिया। जबकि पुलिस को कई नक्सली चकमा देकर भागने में सफल हो गए। मारे गए नक्सलियों के पास से गोला, बारूद, दो एके 47 राइफलें भी बरामद हुईं। मारे गएं नक्सलियों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। फोर्स मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है। वहीं फरार नक्सलियों को पकडने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लगातार पुलिस का पड़ रहे दबाव को देखते हुए नक्सली पूर्व की भांति जिले की सीमावर्ती इलाकों में घुसने की फिराक में जुटे हैं। इस बात की जानकारी मिलने के बाद झारखंड बार्डर से सटे कोन थाना क्षेत्र के खरौधी, मदार टोला, नकतवार का नैकया टोला, बागेसाती, डूमर, मझिगवां जंगल में फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने कहा कि पड़ोसी राज्य में मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद संपर्क मार्ग और जंगली रास्तों से आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।