ओबरा। पनारी ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने पात्र गृहस्थी की सूची में नाम होने के बावजूद गल्ला नहीं दिए जाने को लेकर कोटेदार सहित जिलापूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीण सूबेदार गोंड़ ने बताया कि 100 से ज्यादा ग्रामीणों को दीपावली पर भी राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गम खाड़र, खड़री, घूमतहवा, झाझी तोला, सेमरदहवा, पल्सो, धनबहवा, छत्ताडांड, बेलाही, चैरिहवा, सेमरतर, खैराही, इगलीडांड आदि टोले के ग्रामीणों को गल्ला नहीं दिया जा रहा है। कोटेदार द्वारा दूकान को 12 किमी दूर फफराकुंड में स्थापित किया गया है। इस दौरान राशन कार्डधारक हीरालाल, फत्तेचंद, रामधारी, रामवृक्ष, बासुदेव, फुलमतिया, राजमती, मालती, बसंती, सनकली, चंदा देवी, कौशल्या, शीला, गुड्डी देवी मौजूद रहे।