सोनभद्र। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में नगर निकाय क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और रोशनी के इंतजाम की समीक्षा की। निर्देश दिया कि जिन नगर निकायों में पानी की दिक्कत हो वहां पर टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खुले में कोई शौच न करे। डीएम ने सामुदायिक शौचालयों को क्रियाशील रखने के साथ ही पात्र गरीबों को जल्द से जल्द शौचालय की राशि उपलब्ध कराने का निर्देश अधिशासी अधिकारियों को दिया। उन्होंनें कहा कि नगर क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई रखी जाए और रात में रोशनी के इंतजाम किया जाय। नगर निकाय क्षेत्रों को खूबसूरत बनाने के लिए कार्य योजना बनाकर अमलीजामा दिया जाय। समीक्षा बैठक में जिले में स्थापित पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि पेयजल परियोजनाओं को पूरा करने के साथ ही पाइप लाइन पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जाय। समीक्षा बैठक में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल निगम यूनिसेफ मोहम्मद नसीम, अधिशासी अभियंता जल निगम निर्माण खंड फड़ींद्र राय, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, महेंद्र प्रसाद सिंह मौजूद रहे।