चोपन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला झपरहवां की ग्रामीण महिलाओं ने बुधवार को आवास, शौचालय, पानी, बिजली, सड़क की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन डीएम पीके उपाध्याय को सौंपकर सुविधा मुहैया कराने की मांग उठाई। मोहनी, अमरावती एवं शांति ने कहा कि गांव में आवास एवं शौचालय के साथ ही पानी का प्रबंध नहीं है। इसकी वजह से नाला एवं चुआड़ का पानी पीना पड़ रहा है। जिसके चलते तरह-तरह की संक्रामक बीमारी से लोगों को जूझना पड़ रहा है। श्रीदेवी, प्रमिला एवं जगवंती ने कहा कि गांव में बिजली नहीं है, इसकी वजह से ढिबरी के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है। मिट्टी का तेल भी नहीं मिल रहा है। गीता, रीता एवं मंजू ने कहा कि गांव में आने-जाने के लिए सड़क नहीं है। इसकी वजह से उबड़-खाबड़ रोड से गुजरना पड़ रहा है। संगीता, शकुंतला, मालती आदि ने भी प्रदर्शन कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।