सोनभद्र। पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट में कन्हौरा गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने लेखपाल पर भूमि की नापी करने के लिए रुपए मांगने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को मांगपत्र सौंप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन की ओर से कई लोगों को 15-15 बिस्वा जमीन पट्टा की गई है। पट्टाधारकों का खतौनी में नाम दर्ज है। पट्टाधारकों का हिस्सा अलग-अलग न होने के कारण वे लोग जोतकोड़ नहीं कर पा रहे। पूर्व में कई बार पट्टाधारकों ने क्षेत्रीय कानूनगो और लेखपालों को भूमि की नापी करने के लिए प्रार्थना पत्र दे चुके है। लेकिन अभी तक नापी नहीं हुई। पट्टाधारकों का आरोप है कि लेखपाल एकमुश्त सुविधाशुल्क मिलने के बाद ही भूमि की नापी करने की बात कर रहे है। प्रदर्शन में सुकालू, रामराज, कौलेश्वर, जवाहिर, द्वारिका, राम प्रसाद, कैलाश, लाल मोहर आदि शामिल रहे।