कीमती उपकरणों को पिकअप में भरकर चोरी करने की कोशिश में एनसीएल की सुरक्षा टीम ने 11 आरोपियों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने संबंधितों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर बृहस्पतिवार को चालान कर दिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ में आए आरोपी कबाड़ चोर गैंग के सदस्य हैं। बताया गया है एनसीएल दुद्धीचुआ बैरियर के पास से बुधवार की रात करीब 10 बजे बिना नंबर की पिकअप को सुरक्षाकर्मियों ने रोक लिया। पिकअप पर लोहे के कई तरह के मशीनी उपकरण के साथ 11 लोग मौजूद थे। पूछताछ शुरू हुई तो संबंधित खिसकने की कोशिश करने लगे लेकिन टीम ने सभी को रोक लिया। इस तरह सामानों के साथ सुरक्षा कर्मियों ने 11 चोरों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। चोरों ने लोहे के प्लेट, बीम व पाइप समेत चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया था। जांच के दौरान पता चला कि बरामद सामान एलएंडटी कंपनी का है। शक्तिनगर थानाध्यक्ष नागेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ में आए आरोपियों में धनीलाल गोंड, राजा उरांव, काशी उरांव, अखिलेश उरांव, शनि उरांव, सूरज रावत, गोपाल बहादुर, गणेश गुप्ता, सोनू गुप्ता, आकाश सैनी, जितेंद्र मौर्या को तीन लोहे की प्लेट, एक बड़ा बीम, नौ छोटा बीम, तीन लोहे की पाइप, एक लोहे का जैक, दो लोहे का आइडलर फ्रेम के साथ पिकअप को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।