बभनी। ब्लॉक के बिछियारी गांव में बिरसा मुंडा अंतर्राज्यीय वॉलीबाल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। इसमें लखनऊ की टीम ने मिर्जापुर को हराकर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक हरिराम चेरो ने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। बिछियारी प्राथमिक विद्यालय के परिसर तीन दिवसीय अंतर्राज्यीय वॉलीबाल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ से कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसमें छत्तीसगढ़ की चार टीमें, मध्य प्रदेश की पांच टीमें तथा शेष उत्तर प्रदेश की हिंडाल्को मिर्जापुर, सोनभद्र, लखनऊ की टीमें शामिल थीं। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल का मैच हिंडाल्को, मिर्जापुर तथा लखनऊ और सीधी कला मध्य प्रदेश के बीच खेला गया। इसमें मिर्जापुर ने हिण्डाल्को को और लखनऊ ने सीधीकला को हराकर फाइनल में जगह बनाया। फाइनल मैच लखनऊ और मिर्जापुर के बीच बृहस्पतिवार को खेला गया। इसमें लखनऊ ने मिर्जापुर को हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया। यहां विधायक हरिराम चेरो ने कहा कि खेल मनुष्य के जीवन के लिए बहुत ही आवश्यक है। खेल से भाईचारा भी कायम रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों में एक से बढकर एक प्रतिभाएं छिपी हुई हैं, जिन्हें निखारने की जरूरत है। आयोजक ग्राम प्रधान लीलावती, प्रबंधक रंगलाल सिंह ने सभी टीमों का आभार जताया। कैलाश यादव और डीके गोंड ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर अशोक कुमार, रामदेव, रामकेश, रवि कुमार, मान सिंह, सुधीर कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।