सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के तीनताली गांव में कराए गए शौचालयों के निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों मेें बरती गई धांधली की शिकायत की जांच शुरू हो गई है। डीएम अमित कुमार सिंह ने जिला दिव्यांगजन अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया। बतादें कि कुछ दिनों पूर्व तीनताली गांव के कुछ ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। उनका आरोप है कि शौचालय का निर्माण व विकास कार्य कराने में गड़बड़ी की जा रही है। नियमों को ताख पर रखकर कइयों को शौचालय दिया गया है, जबकि कई पात्रों को अभी तक शौचालय नहीं मिला है। उनका आरोप है कि मामला संज्ञान में होने के बावजूद संबंधित अधिकारी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि शिकायत की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई खुल कर सामने आ जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जिला दिव्यांगजन अधिकारी को ग्रामीणों की शिकायती पत्रों की निष्पक्ष जांच करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि जांच में ग्रामीणों का आरोप सही मिलने पर विकास कार्य कराने के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने वालों से धनराशि रिकवरी करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।