सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के किशुनपुरवा गांव में बृहस्पतिवार की शाम एक युवक ने डायल 100 के सिपाही पर हमला बोल दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। दरअसल किशुनपुरवा गांव में एक युवक किसी बात को लेकर अपनी बहन की पिटाई कर रहा था। परिवार वालों के मना करने पर भी वह नहीं माना। इस पर परिवार वालों ने डायल 100 को फोन कर दिया। पुलिस के आने से पहले पिटाई करने वाला फरार हो गया। जब 100 नंबर पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी के छोटे भाई संदीप को गाड़ी पर बैठा कर थाने जाने का प्रयास करने लगी। इस पर संदीप ने एक सिपाही से धक्का मुक्की शुरू कर दी। इससे सिपाही कीचड़ में गिर गया। मामला बढ़ता देख सिपाहियों ने कोन थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। थाना पुलिस दूसरी 100 नंबर पुलिस को लेकर मौके पर पहुंची और संदीप को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने भाई की पिटाई से घायल बहन को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में फिलहाल कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।