बभनी (सोनभद्र)। ब्लॉक क्षेत्र के चार गांवों में बुधवार को जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं खंड प्रेरकों ने मानक के विपरीत बन रहे पांच शौचालयों को ढहवा दिया। जिला कार्यक्रम समन्वयक पारस जायसवाल, खंड प्रेरक दुद्धी नीरज कुमार तथा घोरावल आनंद कुमार ने अरझट, जिगनहंवा, भंवर तथा चपकी गांव में बन रहे शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। बन रहे शौचालय मानक के विपरीत मिले। शौचालयों का निर्माण कर रहे मिस्त्रियों को वहीं पर शौचालय बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि शौचालयों के बनाये जा रहे गड्ढे मानक के अनुसार नहीं थे और उनके दीवारों की भी जोड़ाई मानक के अनुसार नहीं थी। जिसकी वजह से उन्हें गिरवा दिया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पार्थराज सिंह, राजेश कुमार, अमित कुमार, धर्मजीत, श्लोक प्रसाद, सुलोचनी देवी मौजूद रही।