सोनभद्र। ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स ग्रुप के चयन के लिए रविवार को राजकीय पॉलीटेक्निक राबर्ट्सगंज में लिखित परीक्षा कराई गई। इसमें 174 प्रतिभागियों ने परीक्षा दी। जिले के प्रत्येक गांव में सतत विकास के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना जीपीडीपी बनाई जानी है। इसके लिए जिला स्तर पर 40, प्रत्येक ब्लॉक से पांच-पांच लोगों का चयन होना है।चयनित लोग ग्राम पंचायतों में चयनित पांच-पांच लोगों एवं ग्रामीणों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे कि ग्राम पंचायत विकास योजना बनाते समय गांव के लोगों की सहभागिता हो सके। सरकार की मंशा है कि बिना गांव के लोगों के सहभागिता के कोई भी योजना ना बनाई जाए क्योंकि जब तक गांव के लोग सहभागिता करेंगे तो योजना अच्छी बनेगी और लोगों को फायदा होगा। डीपीआरओ आरके भारती की देखरेख में यह परीक्षा संपन्न हुई। प्रश्न पत्र एक घंटे का था जो 12 बजे से शुरू हुआ और एक बजे तक चला। प्रत्येक कक्षा में एडीओ पंचायत को कक्ष निरीक्षक बनाया गया था। डीपीआरओ ने बताया कि प्रश्न पत्र चेक करने के बाद ग्रुप डिस्कशन के लिए इसमें से चयनित लोगों को बुलाया जाएगा।