अनपरा । उत्पादन निगम की चार विद्युत परियोजनाओं से जब-जब उत्पादन में सुधार हुआ है, पारेषण लाइनों के कारण थर्मल बैंकिंग करनी पड़ी है। शनिवार की रात पारेषण लाइनों में आई खराबी के कारण उत्पादन निगम को अनपरा, ओबरा, पारीछा व हरदुआगंज से 542 मेगावाट तक उत्पादन घटाना पड़ा है । अनपरा तापीय परियोजना की अ, ब एवं द की सभी इकाईयों से उत्पादन हो रहा है। इस परियोजना की अ ताप गृह की 210 मेगावाट वाली तीन इकाईयों से 363 मेगावाट, ताप गृह ब की पांच सौ मेगावाट की दो इकाईयों से 887 व ताप गृह द की पांच सौ मेगावाट की दो इकाईयों से 935 मेगावाट विद्युत उत्पादन जारी था। इसके अलावा ओबरा से 439, पारीक्षा से 825 व हरदुआगंज से 225 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। जब-जब इन परियोजनाओं की पूरी इकाईयां उत्पादनरत रही है, तब पारेषण लाइनों में खराबी के कारण उत्पादन निगम के निर्देश पर उत्पादन घटाना(थर्मल बैंकिंग) पड़ा है। कमोबेश यही हाल 24 घंटे के दौरान है। जिसकी वजह से उत्पादन निगम को इन इकाईयों से 542 मेगावाट तक उत्पादन घटाना पड़ा है। उत्पादन घटने के कारण इन पररियोजनाओं से हो रहा 42 सौ मेगावाट विद्युत उत्पादन लुढ़क कर 36 सौ मेगावाट पहुंच गया। उत्पादन में कमी के कारण वितरण में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।