सोनभद्र (अनपरा)। अनपरा क्षेत्र में तेज बरसात के दौरान शुक्रवार की देर रात पांच सौ मेगावाट की चौथी इकाई ट्रिप हो गई। अनपरा तापीय परियोजना की तापगृह- ब की पांच सौ मेगावाट की चौथी इकाई शुक्रवार की देर रात ट्रिप कर गई। इस इकाई के ट्रिप करने से विद्युत उत्पादन लुढ़क गया। इकाई को शनिवार को भी लाइटअप नहीं किया जा सका। जिसके कारण अनपरा में स्थित परियोजनाओं से शाम साढ़े पांच बजे 1528 मेगावाट, ओबरा से 406 मेगावाट उत्पादन हो रहा था। अनपरा परियोजना के महाप्रबंधक एक सिंह ने बताया कि पारिछा परियोजना से 635 व हरदुआगंज विद्युत परियोजना से 346 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है। इस तरह कुल 2918 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ब्वायलर में तकनीकी खराबी के कारण चौथी इकाई ट्रिप हुई है। उसे 23 जुलाई तक लाइटअप कर लिया जाएगा।