सोनभद्र (डाला)। सीमेंट फैक्ट्री में स्थायी रूप से स्थानीय लोगों को नौकरी दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर मजदूर श्रम संस्था ने सेक्टर-सी स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। चंद्रमणि राय ने कहा कि डाला से सटे कोटा, बिल्ली-मारकुंडी एवं पड़न ग्राम सभा के मूल निवासियों को वरीयता के आधार पर सत्तर प्रतिशत लोगों को नौकरी दी जाए। कहा कि राजकीय सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत रहे पूर्व कर्मचारियों के आश्रित आज भी नौकरी के अभाव में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। लोगों को स्थायी रूप से नौकरी नहीं मिली तो आंदोलन बड़े पैमाने पर किया जाएगा। मौके पर पहुंचे चोपन इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह सात सूत्री मांगों का ज्ञापन लेकर आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। हिमांशु कुशवाहा, धर्मवीर, सफर अंसारी, बलवीर कुमार, रोहित पाठक, मनोज अग्रहरि, अनिल कुमार, जगदीश आदि शामिल रहे।