सोनभद्र। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को जिले के सभी ब्लाकों में किसान गोष्ठी और कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा। गोष्ठी में किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने पर जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण किसान देख सकेंगे। दुद्धी ब्लाक मुख्यालय पर मुख्य आयोजन की तैयारी पूरी हो गई है। यहां प्रभारी मंत्री डा. सतीश चंद्र द्विवेदी मौजूद रहेंगे। जिले के करीब एक लाख 92 हजार किसानों को किसान सम्मान निधि की सातवीं किस्त भेजी जाएगी। उप कृषि निदेशक डीके गुप्ता ने बताया कि सभी ब्लाकों में आयोजन के नोडल अधिकारी वहां के खंड विकास अधिकारी बनाए गए हैं। संपूर्ण कार्यक्रम किसी न किसी जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में होगा। हर ब्लाक पर कृषि विशेषज्ञ और प्रगतिशील किसान वहां पहुंचकर खेती के नए तरीके के बारे में बताएंगे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल पर भी योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी।