रेउसा (सीतापुर)। रेउसा चौराहे पर आवारा जानवरों का आतंक जारी है। मंगलवार को चौराहे पर एक युवक को सांड ने पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हाल ही में सांड के हमले में एक बुजुर्ग की जान जा चुकी है। थाना इलाके के शेखूपुर गांव निवासी मूलचंद्र (35) पुत्र प्रभु किसी काम से रेउसा कस्बा गया था।
चौराहा पर एक सांड ने मूलचंद्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वहां से निकल रहे थाना प्रभारी ने भीड़ देखकर गाड़ी रोकी और लोगों से जानकारी ली।
उन्होंने घायल को वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक अरशद खालिद ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।