तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार रात घर से निकला एक युवक बेहोशी की हालत में खेत में मिला। उसके हाथ पैर बंधे और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसेे अभी तक होश नहीं आया है। पुलिस मामले में कोई भी तहरीर न मिलने की बात कह रही है।
कस्बे के अहमदाबाद गंज निवासी शहनवाज (28) शनिवार को घर से निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने फोन कर जानकारी ली तो युवक ने थोड़ी देर में घर पहुंचने की बात बताई। फिर भी वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश करने लगे। काफी देर बाद परिजनों को क्षेत्र के डेवढ़ेडीह इलाके में उसकी बाइक पड़ी होने की सूचना मिली। थोड़ी ही देर बाद सड़क किनारे गन्ने के खेत में वह बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ मिला। उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे व मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। उसकी गर्दन तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर मारपीट के निशान भी थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बेहोशी की हालत होने के चलते युवक के बयान दर्ज नहीं किये जा सके। एसओ दिवाकर मिश्रा ने बताया कि उसे इलाज के लिए भेजा गया है । परिजनों की तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।