सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में ससुराल में हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक ने दांतों से अपनी पत्नी की नाक काट दी। इसके बाद लोगों ने उसे जमकर पीट दिया। पुलिस ने दोनों का इलाज कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
जेंधौरा निवासी अरुण कुमार शराब के नशे में सोमवार रात घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सबदरपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंच गया। यहां पर उसकी पत्नी करिश्मा रह रही थी।
ससुराल में उसने जमकर हंगामा किया। फिर दांतों से अपनी पत्नी करिश्मा की नाक काट ली, जिससे वह खून से लथपथ हो गई। किसी तरह से पड़ोसियों व परिजनों ने अरुण को करिश्मा से अलग किया।
उसके बाद मौजूद लोगों ने अरुण की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस दोनों को लेकर कोतवाली आ गई। पति-पत्नी दोनों ने तहरीर देकर एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि दोनों का मेडिकल कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।