पिसावां (सीतापुर)। दिवाली पर भी बकाया मनरेगा मजदूरी का भुगतान न किए जाने से नाराज मजदूरों ने शुक्रवार को संगतिन किसान मजदूर संगठन के बैनर तले ब्लाॅक परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मजदूरों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
संगतिन मजदूर संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर ब्लाॅक परिसर में एकत्र हुए। संगठन की ब्लाॅक प्रमुख रामबेटी ने बताया कि मनरेगा श्रमिकों को लगभग तीन माह से मजदूरी का भुगतान नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि दिवाली के साथ अन्य त्योहार भी हैं। भुगतान न होने के कारण सभी श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। तत्काल मजदूरी भुगतान कराने को लेकर श्रमिकों ने बीडीओ प्रीति तिवारी को ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद मनरेगा श्रमिकों ने थाने पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। खंड विकास अधिकारी प्रीति तिवारी ने बताया कि मनरेगा मजदूरी का भुगतान शासन से किया जाता है और श्रमिकों के खातों में पैसा भेजा जाता है। मनरेगा भुगतान का ब्लॉक स्तर से कोई मतलब नहीं है। फिर भी श्रमिकों की समस्या को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।