पिसावां(सीतापुर)। आवेदन के बाद भी मनरेगा के तहत काम न मिलने व नए जॉबकार्ड न बनने से नाराज मनरेगा श्रमिकों ने संगतिन किसान मजदूर संगठन के बैनर तले शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी करते हुए बीडीओ की गैर मौजूदगी में एपीओ को ज्ञापन दिया। जल्द समस्या का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
संगठन की ब्लॉक प्रमुख रामबेटी ने बताया कि 12 से अधिक गांवों के सात सौ मनरेगा श्रमिकों ने एक मई व एक जून को 1500 श्रमिकों ने काम के लिए आवेदन किया। इसके बावजूद एक भी श्रमिक को काम नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं जनवरी फरवरी व मार्च माह में किए गए आवेदन पर भी काम नही मिला है। इसके अलावा नये जॉब कार्ड के लिये भी सैकड़ों श्रमिकों ने आवेदन किया। लेकिन ब्लॉक द्वारा उनके जॉबकार्ड नहीं बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो श्रमिकों को धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस दौरान श्रमिक जगन्नाथ, बिटोली, रामकिशोर, जोधाराम, सुरेश आदि मौजूद रहे।