सीतापुर। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद सांसद राकेश राठौर से शुक्रवार को उनकी पत्नी ने मुलाकात की। इस दौरान सांसद के भाई अनिल और भतीजे शशांक भी मौजूद रहे। जेल अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि जेल मैनुअल के अनुसार परिजनों ने मुलाकात की। बाहर निकलने पर सांसद की पत्नी नील कमल राठौर ने बताया कि उनके पति पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। सांसद को फर्जी मामलों में फंसाया गया है। नीलकमल ने बताया कि उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा है, जल्द ही सच सामने आएगा और उनको न्याय मिलेगा। बता दें कि एक महिला ने सांसद पर 17 जनवरी को दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने 30 जनवरी को सांसद राठौर को उनके आवास से ही प्रेसवार्ता के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। एमपी-एमएलए कोर्ट से उनकी जमानत याचिका भी रद्द हो चुकी है। ऐसा माना जा रहा है कि वह हाईकोर्ट में जमानत के लिए जा सकते हैं।