सीतापुर। जिस घड़ी का लोगों और नेताओं को इंतजार था, आखिरकार वह आ गई। अब बस, कुछ घंटों की ही बात है, नतीजे सामने आते ही तय हो जाएगा कि किसके सिर जीत का ताज सजेगा। मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ईवीएम से प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा खुलेगा। आने वाले नतीजों को लेकर अब हर किसी की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
आठ जनवरी को जिले में चुनावी बिगुल बजने के बाद करीब डेढ़ माह तक दंगल को जीतने के लिए नेताओं ने खूब जोर आजमाइशें की। 23 फरवरी को चौथे चरण के तहत जिले में चुनाव के बाद प्रत्याशियों की किस्मत जनता जनार्दन ने ईवीएम में कैद कर दी थी। 10 फरवरी को किस्मत का पिटारा ईवीएम से खुलेगा।
इस पल का चुनाव के बाद से हर किसी को बेसब्री से इंतजार था। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को वह घड़ी आ गई, जब यह तय होगा कि जनता ने किसे सिर आंखों पर बिठाया तो किसी नकार दिया। मतगणना का समय करीब आते ही दिलों की धड़कनें और बढ़ गई हैं। अभी तक इंतजार काउंटिंग की तारीख का हो रहा था। अब इंतजार नतीजों को लेकर है। ऐसे में खासकर चुनाव लड़ने वाले नेताओं की धुकधुकी और बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव के हर नतीजे से रूबरू होने के लिए इस लिंक पर करें क्लिक
मतगणना को लेकर पिछले कई दिनों से पुलिस-प्रशासन की चल रही तैयारियां पूरी हो चुकी है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने वाले अलग-अलग दलों के 96 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 23 फरवरी को जिले के 20 लाख 84 हजार 117 मतदाताओं ने ईवीएम में कैद कर दिया था। 3870 बूथों पर वोटिंग हुई थी। ईवीएम को 11वीं वाहिनी पीएसी, एपीटीसी की बैरकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया था। गुरुवार को इन्हीं ईवीएम से जनता के जनादेश का परिणाम सामने आएगा।
मतगणना परिसर में इस पर रहेगी रोक
मतगणना को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। मतगणना परिसर के अंदर किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, लाठी डंडा, ज्वलनशील पदार्थ, धूम्रपान, गुटका, बीड़ी, सिगरेट, लाइटर व माचिस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। माइक्रो ऑब्जर्वर और गणना टीमों द्वारा सीयू से प्रत्याशीवार मत अंकित किए जाएंगे।