सीतापुर। बिजली विभाग व विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को पुराने सीतापुर के कजियारा मोहल्ले में चेकिंग अभियान चलाया। टीम को देखते ही मोहल्ले के लोग घरों में ताला लगाकर भाग गए। इसके चलते टीम इन घरों की चेकिंग नहीं कर सकी। विभाग ने इन घरों को चिह्नित कर लिया है। अब इनके घर की किसी भी दिन दोबारा चेकिंग की जाएगी।
एसडीओ प्रथम रवि कुमार ने बताया कि कजियारा फीडर पर लाइन लॉस सर्वाधिक हो रहा है। यहां के लोग बिल भी जमा नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से चेकिंग की गई। इस दौरान कुछ लोग घरों में ताला डालकर कहीं निकल गए। एसडीओ ने बताया इनके घरों को छोड़ा नहीं जाएगा। कनेक्शन नंबर नोट कर लिए गए हैं। इनकी लगातार मॉनीटरिंग होगी। यह अभियान लगातार चलेगा किसी भी समय निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान अवर अभियंता अनिल सिंह सहित तमाम अफसर मौजूद रहे।
बाधित रहेगी बिजली
महमूदाबाद। विद्युत वितरण खंड महमूदाबाद में बुधवार को तीन घंटे बिजली बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता जय प्रकाश ने बताया कि महमूदाबाद ग्रामीण, कंचनपुर, केदारपुर, पैतेपुर, सरैया कादीपुर, देवरिया, रेउसा, रामपुर मथुरा आदि इलाकों में सुबह 10 से एक बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।