सीतापुर। यूपी में रोडवेज बसों की बदहाली की तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। लखनऊ से उत्तराखंड जा रही अवध डिपो की जनरथ एसी बस के अंदर बारिश के दौरान पानी टपकने लगा। इससे मुसाफिरों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ी।
लखनऊ से सीतापुर के लिए सफर कर रहे एक यात्री ने बस में पानी टपकने का वीडियो बनाकर अफसरों से शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एआरएम लखनऊ ने यात्रियों के टिकट का पैसा वापस करते हुए सीतापुर से बस वापस लाने के निर्देश परिचालक को दिए।
लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन से मंगलवार की शाम अवध डिपो की जनरथ एसी बस उत्तराखंड के लिए रवाना हुई। बस में हरिद्वार जाने के लिए सात यात्री सवार थे। इसके अलावा सीतापुर व अन्य जनपदों तक के लिए भी यात्री सफर कर रहे थे। बारिश होने के चलते बस की छत से पानी टपक कर भीतर तक आ रहा था। कई सीटों पर पानी आने से जब मुसाफिरों को असुविधा हुई तो उन्होंने परिचालक से शिकायत दर्ज कराई।
सीतापुर आ रहे यात्री प्रदीप सिंह ने बस की अव्यवस्था का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। मुसाफिरों ने एआरएम लखनऊ से शिकायत दर्ज कराई। बस कैंसिल कर दिए जाने से यात्रियों में नाराजगी रही।