लहरपुर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान संगठन के पदाधिकारी।
लहरपुर (सीतापुर)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम आकांक्षा गौतम को ज्ञापन सौंपा। समस्याओं के 22 जून तक समाधान की मांग की गई है। समाधान नहीं किए जाने पर 25 जून से धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में क्षेत्र की सभी नहरों में टेल तक पानी पहुंचाए जाने की मांग प्राथमिकता से उठाई गई है। ताकि किसान गर्मी में सूख रही अपनी गन्ना व धान की फसलों को सींच सकें। इसके अलावा ज्ञापन में कहा गया है कि जगमालपुर के मजरा अकबापुर के सरकारी ट्यूबवेल में नाली न होने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है, तत्काल प्रभाव से नाली निर्माण कराया जाए। क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है उन्हें संरक्षित किया जाए। पुलिस द्वारा आए दिन ग्रामीण किसान मजदूरों को प्रताड़ित किया जा रहा है, इसपर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में बिजली समस्या के कारण किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत व्यवस्था ठीक कराए जाने व परसेंडी ब्लॉक के उदनापुर कलां में दबंगों के कब्जे से ग्राम समाज की जमीन मुक्त कराने की मांग की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष छैल बिहारी मिश्रा, अजीत वर्मा, रोहित कुमार, राम प्रकाश, महेंद्र कुमार, अंकित वर्मा व नुरुल हक आदि मौजूद रहे।