रेउसा (सीतापुर)। तराई इलाके में बह रही शारदा व सरयू नदी के जलस्तर में मंगलवार को कमी आई है। करीब 40 गांव पानी से घिरे हुए थे। अब यहां से पानी हटना शुरू हो गया है। संपर्क मार्ग भी खुलने लगे है। लेकिन जलस्तर कम होने के बाद कटान का खतरा सताने लगा है। इससे ग्रामीण भयभीत है।
बिसवां तहसील के करीब 25 गांव बाढ़ के पानी से घिरे गए थे। इन गांवों के पहुंचने वाले संपर्क मार्गो पर पानी भर गया था। इससे इनका आवागमन काफी प्रभावित हो रहा था। लेकिन मंगलवार को जलस्तर में कमी आंकी गई है। इससे गांवों के किनारे से पानी हटने लगा है। संपर्क मार्गों से पानी कम होने से आवागमन सुलभ हो रहा है। कीचड़ होने से थोड़ा दिक्कतें आ रही है।
पासिनपुरवा, गार्गी पुरवा, लालापुरवा, परमेश्वरपुरवा, चौकी इन गांवों के अंदर पानी घुस गया था। अब यहां से भी पानी हट गया है। लेकिन कटान का खतरा बढ़ा है। लेकिन मंगलवार को कही पर भी कोई कटान नहीं हुआ है। तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह ने बताया हालात सामान्य है। पानी की वजह से जो लोग प्रभावित हुए है। उनको मदद पहुंचाई जा रही है। इसी तरह महमूदाबाद तहसील के करीब 15 गांव पानी से घिर गए थे। यहां पर भी जलस्तर कम होने से कुछ दुश्वारियां कम हुई है। अंगरौरा में भी पानी कम होने से लोगों की मुसीबतें कम होने लगी है।