सीतापुर। विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियां, जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के बीच से गुजरते नौनिहाल...मंगलवार को यह नजारा जिले के कई परिषदीय स्कूलों में देखने को मिला। परिषदीय विद्यालयों का शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है, लेकिन विद्यालयों में अव्यवस्थाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक सप्ताह पहले जो काम हो जाना चाहिए था। वह दो दिन बाद भी नहीं हो पाया है। इससे नौनिहालों को विद्यालय में दिक्कतें आ रही है।
गर्मियों की छुट्टी के बाद परिषदीय विद्यालय सोमवार से खुल गए। पहले दिन विद्यालयों में अव्यवस्थाएं दिखाई दी थीं। उम्मीद थी कि दूसरे दिन हालात सुधर जाएंगे। इसलिए मंगलवार को अमर उजाला टीम ने लगातार दूसरे दिन रियल्टी चेक किया।
इस दौरान कई विद्यालयों में गंदगी व झाड़-झंकाड़ हर तरफ उगी मिली। विद्यालय खुलने से एक सप्ताह पहले ही बीएसए ने साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन यह निर्देश बेअसर दिखे।
केस 1
पानी के बीच से होकर निकले नौनिहाल
बेहटा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय जल्लापुर में सत्र के दूसरे दिन हालात बेपटरी रहे। स्कूल में जलभराव के चलते नौनिहालों को स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कतें आई। स्कूल के अंदर कीचड़ होने से नौनिहाल इसके बीच से होकर निकलने को मजबूर रहे।
केस 2
कमरे में बंद मिलीं पुस्तकें
गोंदलामऊ विकासखंड के जूनियर व प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर पश्चिमी एक ही परिसर में बने हुए है। विद्यालय परिसर में बहुत बड़ी-बड़ी झाड़ियां और घास खड़ी है। इस गंदगी को न तो पहले दिन न ही दूसरे दिन साफ करवाया गया। विद्यालय के एक कमरे में कुछ पुस्तकें रखी हुई नजर आई। साथ ही कुर्सी और बेंच टूटी हुई पड़ी थी। कमरे में अत्यधिक गंदगी फैली थी। देखकर ऐसा लग रहा था कि कई महीनों से साफ सफाई नहीं हुई है।