कल्ली चौराहा। बस्ती के पास तेंदुआ दिखने से हरसानी के बाशिंदे दहशत में हैं। वहीं, वन विभाग की टीम ने सोमवार को प्रभावित इलाके में कॉम्बिंग करना भी जरूरी नहीं समझा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम पंचायत करखिला के मजरा हरसानी गांव में निवासी मुकेश कुमार ने रविवार रात करीब 8:30 बजे तेंदुआ देखने का दावा किया था। मुकेश कुमार के मुताबिक, उनका घर गांव के किनारे है। रविवार रात उनके घर से कुछ दूरी पर तेंदुआ दिखाई दिया और पलक झपकते ही खेतों में घुस गया था। मुकेश ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी थी। इसके बाद ग्रामीण सुरेश कुमार, जगदीश, शंकर लाल, अनुज कुमार, संदीप कुमार, महेश कुमार, रामखेलावन, सर्वेश कुमार, राजू, छोटेलाल, चंद्रपाल आदि लाठी डंडे लेकर हो हल्ला करते हुए खेतों की ओर गए, लेकिन तेंदुआ वहां से निकल गया था। वन दरोगा अनिल यादव ने बताया कि रविवार देर रात तक कॉम्बिंग की गई थी। इस दौरान ग्रामीणों को सतर्क किया गया था। उन्होंने बताया कि तेंदुए के पगचिह्न नहीं नहीं मिले हैं, भेड़िया हो सकता है।