सीतापुर। अघोषित कटौती को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ब्लॉक रेउसा क्षेत्र के बम्हनेवा विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। एसडीओ ने ग्रामीणों से वार्ता कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस पर लोग शांत हुए।
रेउसा कस्बे के वीआईपी नगर निवासी कुलदीप, शिवम, धर्मेंद्र, रज्जन, शरद, अंकित, आशीष, अरुण, राम प्रवेश, नीरज, दीपू, परिजात, राम बाबू आदि ने बुधवार दोपहर बम्हनेवा विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के मुताबिक रोस्टर बेपटरी हो गया है। किसी भी समय बिजली गुल हो जाती है।
आए दिन ट्रांसफाॅर्मर फुंक जाता है। ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट गहराता जा रहा है। बिजली के आने-जाने का कोई समय नहीं है। गर्मी से बुरा हाल होने के अलावा छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित होती है।
जेई संतोष कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कॉल रिसीव नहीं करते हैं। एसडीओ शिवम ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। ग्रामीणों ने एसडीओ को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। एसडीओ ने जल्द समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया है।