सीतापुर। सकरन विकासखंड की ग्राम पंचायत सकरन के प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार डीएम की ओर से सोमवार को प्रतिबंधित कर दिए गए। यह करवाई एक ग्रामीण की शिकायत और हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई है। ग्राम पंचायत सकरन की प्रधान संतोषी देवी को जांच के बाद 64 लाख 71 हजार 97 रुपये का उत्तरदायी माना गया है। इसी आधार पर डीएम अभिषेक आनंद ने उनके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार प्रतिबंधित करते हुए जिला लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समितियां एवं पंचायत को अंतिम जांच अधिकारी नामित किया है। उनके साथ जिला पंचायत के सहायक अभियंता को तकनीकी सहयोग के लिए नामित किया गया है।