सीतापुर। न्यायालय में पेशी के बाद मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा से भागे शातिर को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने उसे दूसरी पत्नी के घर से कुछ दूर स्थित जंगल से कांबिंग कर पकड़ लिया। उसे जेल भेज दिया गया है। शातिर के फरार होने के मामले में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा गांव निवासी गनी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं। लगभग सात माह पहले महोली पुलिस ने उसे बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा था।
मंगलवार को न्यायालय में पेशी के बाद वह ड्यूटी पर तैनात दीवान रामरूप के हाथ पर दांत से काटकर भाग निकला था। शहर कोतवाल टीपी सिंह, सर्विलांस और स्वाट टीम को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। जांच में पता चला कि हरगांव के सेमरी गांव में गनी की दूसरी पत्नी रहती है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की तो वह घर से निकलकर पास के जंगल में छिप गया। इस बीच पुलिस ने जंगल में कांबिंग की और उसे पकड़ लिया।
मुलाकाती रजिस्टर से मिला सुराग
गनी तक पहुंचने में जेल के मुलाकाती रजिस्टर ने पुलिस की मदद की। उससे मुलाकात करने के लिए लंबे समय से सिर्फ एक महिला ही आ रही थी। इसी पते पर पुलिस ने जाल बिछाया और गनी पकड़ा गया।
कोई छुड़ा नहीं रहा था इसलिए भाग गया
पूछताछ में गनी ने बताया कि वह बाइक चोरी के मामले में सात माह से जेल में है। ऐसे मामलों में जल्द जमानत मिल जाती है, लेकिन परिवार के लोग उसे छुड़ा ही नहीं रहे थे। पिता राम प्रसाद को अलग-अलग जरिए से खबर भिजवाई थी, लेकिन उन्होंने आर्थिक स्थिति ठीक न होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया था।