लहरपुर /सीतापुर। दारानगर गांव के प्राथमिक स्कूल में आवारा पशुओं को बंद करने को लेकर मंगलवार को खूब हंगामा हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी की सूचना पर तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण माने।
क्षेत्र में आवारा मवेशी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंगलवार को कई ग्रामीण मवेशियों को दारानगर प्राथमिक स्कूल में बंद करने पर अड़ गए। शिक्षकों से जानकारी पाकर खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि स्कूल में पशु बंद करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। बच्चों की शिक्षा बाधित होगी। सूचना पाकर तहसीलदार शशि बिंदु द्विवेदी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए।
तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि गांव के सभी छुट्टा मवेशियों को शीघ्र गोशाला में भेज दिया जाएगा। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ब्लॉक में तीन नई गोशालाएं बन रही हैं। तीन गोशालाएं प्रस्तावित हैं। शीघ्र ही गोशाला बनने के बाद आवारा पशुओं की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल जाएगी।