सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में दूसरे दिन काफी तेजी आई। एक ही दिन में 30,326 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच हुई। हालांकि, परीक्षकों की गैरहाजिरी डीआईओएस के लिए मुसीबत बनती जा रही है। 806 परीक्षक बिना सूचना के गैर हाजिररहे। इससे समय से मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
शहर के चार परीक्षा केंद्रों पर रविवार सुबह 10 बजे से मूल्यांकन प्रारंभ हो गया। शिक्षकों को एक दिन पहले ही मूल्यांकन की प्रक्रिया से रूबरू करा दिया गया था। इससे रविवार को मूल्यांकन में थोड़ी तेजी देखने को मिली। राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर में 75,569 उत्तरपुस्तिकाएं आंवटित की गईं हैं। यहां पर 9,672 कॉपियों की जांच हुई। यहां पर 364 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन केवल 197 परीक्षकों ने ही उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की। आरआरडी इंटर कॉलेज में आवंटित 84,819 के सापेक्ष 5,432 कॉपियों की जांच की गई। यहां पर 320 में से केवल 164 परीक्षक ही मौजूद रहे।
इसी तरह हाईस्कूल की कॉपियों की राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सीतापुर में जांच हुई। यहां पर आवंटित 98,601 के सापेक्ष 5762 की जांच की गई। इस विद्यालय में 625 में से केवल 370 परीक्षकों ने कॉपियों का मूल्यांकन किया। म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में 96,823 के सापेक्ष 9,460 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की गई। यहां पर 548 परीक्षकों में से 320 ने अपना सहयोग दिया। मूल्यांकन कार्य की डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी होती रही।
गौरहाजिर रहने पर होगी कार्रवाई
मूल्यांकन कार्य में तेजी आई है। मूल्यांकन में लगे परीक्षकों का डाटा जुटाया जा रहा है। बिना सूचना के गैरहाजिर रहने वाले परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- राजेंद्र सिंह, डीआईओएस