खैराबाद/सीतापुर। तालगांव क्षेत्र के धीरपुर से नैमिषारण्य जा रहे श्रद्घालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 12 श्रद्घालु घायल हुए हैं। घायलों में अधिकतर महिलाएं हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार को सेतुही अमावस्या थी। कोतवाली तालगांव क्षेत्र के धीरपुर से डाला में सवार होकर 22 लोग नैमिषारण्य के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब 12 बजे लहरपुर-खैराबाद मार्ग पर टप्पा खजुरिया के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में वाहन सवार शबनम, ऊषा देवी, राजेश्वरी, रामकली, रीतू, विमला समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर है।