बेटे के साथ बाराबंकी से दवा लेकर लौट रहा था युवक
साथी के साथ उसकी रिश्तेदारी से लौट रहा था दूसरा युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर। थानगांव थाना क्षेत्र में दो बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना तंबौर के अज्जेपुर निवासी जानकी निषाद (40) अपने पुत्र चंद्र कुमार (18) के साथ दवा लेने बाराबंकी गए थे। वापस आते समय रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर थानगांव चौराहे के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक बाराबंकी के बड्डूपुर के गांव डफ्फरपुर निवासी अनीस (20) चला रहा था। उसके साथ उसका साथी ऋषभ (18) था। अनीस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से अन्य घायलों को सीएचसी रेउसा लाया गया जहां जानकी निषाद की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसके बेटे को ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया है। ऋषभ का इलाज जारी है। अनीस की मां ने बताया कि वह आटा लेने की बात कहकर निकला था। फिर अपने साथी के साथ रेउसा में उसकी रिश्तेदारी में चला गया। वापस आते समय हादसा हुआ। एसओ रामप्रकाश ने बताया कि मौके पर हेलमेट टूटा पड़ा मिला। संवाद