सीतापुर। गोंदलामऊ विकास खंड की ग्राम पंचायत उदईपुर पश्चिमी में पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर दो लाख रुपये का भुगतान सात माह पहले निकाल लिया गया। बावजूद इसके पंचायत भवन की मरम्मत का काम पूरा नहीं हो पाया है।
यह हाल तब है जबकि पंचायत भवनों को हाईटेक किए जाने का कार्य न सिर्फ शासन बल्कि डीएम और सीडीओ की भी प्राथमिकता में शामिल है।
ग्रामीणों को विभिन्न कार्यों के लिए जिला और ब्लॉक मुख्यालय की दौड़ न लगानी पड़े, इसलिए पंचायत भवनों (ग्राम सचिवालयों) को हाईटेक करने का निर्णय लिया गया था। जिन ग्राम पंचायतों में पहले से पंचायत भवन बने थे, उनकी मरम्मत कराने के निर्देश भी थे।
गोंदलामऊ विकास खंड की ग्राम पंचायत उदईपुर पश्चिमी में पुराने पंचायत भवन की मरम्मत के लिए चार लाख 23 हजार रुपये के एस्टीमेट को मंजूरी दी गई थी। चालू वित्तीय वर्ष के मई में तीन किस्तों में लगभग एक लाख 95 हजार रुपये का भुगतान भी मरम्मत के नाम पर कर दिया गया। फिर भी अब तक पंचायत भवन की मरम्मत नहीं हो पाई है।