सीतापुर। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम ने तीन अफसरों के वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं। डीसी स्वरोजगार दो शिकायतों में डिफाॅल्टर होने पर उनका दो दिन का वेतन काटा गया है। पीओ नेडा और सीवीओ का एक-एक दिन का वेतन कटेगा।
डीएम अभिषेक आनंद आईजीआरएस संदर्भों की स्वयं निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। सभी अफसरों को निर्देश हैं कि वह गुणवत्तापकर निस्तारण कराकर रिपोर्ट पोर्टल पर तय तिथि से तीन दिन पूर्व अपलोड करें। डिफाल्टर पाए जाने पर संबंधित अफसर को एक दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके बाद कुछ अफसरों की कार्यशैली में सुधार नहीं हो रहा है।
डीएम की समीक्षा में पाया गया कि आठ और नौ अगस्त को डीसी स्वरोजगार एक-एक शिकायत समय से निस्तारित न करने के कारण डिफाॅल्टर पाए गए। जिस पर उनका इन दोनो दिनों के वेतन काटने के आदेश डीएम ने जारी किया है।
नौ अगस्त को पीओ नेडा और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एक-एक शिकायत न निस्तारित करने पर डिफाॅल्टर हुए। इनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश वरिष्ठ कोषाधिकारी को दिया गया है। तीनों अफसरों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। तीन दिन में इसका जवाब देना है, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।