सीतापुर। जिला अस्पताल में बुधवार को दो दलाल पकड़े गए। ये लोग मरीजों को लखनऊ में इलाज कराने के नाम पर ठगने का प्रयास कर रहे थे। शहर कोतवाली पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
जिला अस्पताल में ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थियेटर के आसपास दलाल मौजूद रहते हैं। ये लोग मरीज को कम पैसे में सीतापुर व लखनऊ में इलाज कराने का भरोसा देते हैं। बुधवार को महिला वार्ड के पास से दलाल एक महिला को पेट की बीमारी होने पर लखनऊ में इलाज कराने की बात कह रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया। इसी तरह एक दलाल ओपीडी में पकड़ा गया।
इंस्पेक्टर टीपी सिंह ने बताया रस्यौरा के मुकेश को दलाली करते हुए पकड़ा है। पूछताछ में उसने बताया है कि वह अब तक कई मरीजों को सीतापुर व लखनऊ के निजी अस्पतालों में पहुंचा चुका है। इसके बदले उसे दो से तीन हजार रुपये मिलते हैं। अभी उसके अन्य सहयोगियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
हो रही है पूछताछ
जिला अस्पताल में मैं खुद रोजाना ओपीडी का निरीक्षण करता हूं। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस भी बराबर दलालों पर नजर बनाए हुए है। बुधवार को पुलिस ने दो दलालों को पकड़ा है।
डॉ. आरके सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल